महोबा। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के बीच अब सरकारी योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार और किसानों के साथ ठगी का मामला भाजपा के जनप्रतिनिधियों के जरिए ही उठने लगा है। महोबा सदर से भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी ने प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को पत्र लिखकर राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल (NMEO) योजना के तहत मूंगफली बीज वितरण में हुई गंभीर अनियमितताओं और गबन की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि वर्ष 2026-27 के तहत महोबा जिले को 10 हजार कुंतल मूंगफली बीज आवंटित हुआ था, लेकिन कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को नियमानुसार बीज वितरित नहीं किया। पत्र के अनुसार, बिना विधिवत आवंटन प्रक्रिया पूरी किए किसानों से अंगूठे लगवाए गए, कई किसानों को निर्धारित मात्रा से कम बीज दिया गया और दवा के नाम पर हजारों रुपये तक वसूले जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

विधायक ने यह भी सवाल उठाया कि जब अप्रैल माह में ही मूंगफली बीज जिले में उपलब्ध था तो किसानों को समय पर वितरण क्यों नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि इस पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों के साथ कुछ बीज वितरण केंद्र भी शामिल हो सकते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सत्ता में भाजपा की सरकार है, तब उसी सरकार के विधायक को अपनी ही सरकार के अधिकारियों के खिलाफ कृषि मंत्री को शिकायत भेजनी पड़ रही है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी ने कृषि मंत्री से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है और कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराने का अनुरोध किया है।
यदि विधायक के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला केवल अनियमितता नहीं बल्कि किसानों के हक पर डाका और सरकारी योजना में बड़े भ्रष्टाचार का मामला बन सकता है। अब सबकी नजर कृषि मंत्री और शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
![]()


