महोबा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को महोबा पहुंचे। उन्होंने चरखारी स्थित ओल्ड पैलेस में आमजन को संबोधित किया। इस दौरान आरक्षण, महिला आरक्षण, भाजपा की राजनीति और विपक्षी दलों पर निशाना साधने के साथ ही आजम खान को लेकर भी तीखा बयान दिया।
कार्यक्रम के दौरान जब उपमुख्यमंत्री से आजम खान के उस बयान को लेकर सवाल किया गया, जिसमें आजम खान ने कहा था कि उन्हें याद है कि वह जमानत पर हैं, तो इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा कि आजम खान जमानत पर हैं और जल्द ही जेल जाएंगे।
आजम खान को लेकर दिए गए इस बयान ने कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया। उपमुख्यमंत्री का यह बयान विपक्षी राजनीति पर सीधे हमले के रूप में देखा जा रहा है।
वहीं महिला आरक्षण के मुद्दे पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिला आरक्षण बिल से आधी आबादी में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मातृशक्ति से किया वादा निभाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा हमेशा आरक्षण के समर्थन में रही है और वर्ष 2014 के बाद पार्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी दुष्प्रचार के चलते बुंदेलखंड में भाजपा को विधानसभा की सभी सीटें नहीं मिल सकीं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने उनके घोषणा पत्र को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का घोषणा पत्र ऐसा है जैसे सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। यह कोई घोषणा पत्र नहीं, बल्कि ढकोसला पत्र है।
![]()


