
महोबा। जनपद निवासी प्रभुदयाल कुशवाहा ने जिलाधिकारी महोबा को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि प्लॉटिंग के दौरान उसके खेत तक आने-जाने के लिए छोड़े गए 20 फीट चौड़े रास्ते की जमीन कथित रूप से बेच दी गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जाहिद ने रास्ते की जमीन की रजिस्ट्री कर दी, जिससे उसके खेत और मकान तक पहुंचने का रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति बन गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार मामला मौजा महोबा, सत्तीपुरा स्थित गाटा संख्या 806/1 एवं 806/2 से जुड़ा है। उनका कहना है कि पहले आपसी सहमति से 20 फीट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया था, लेकिन बाद में जाहिद ने उसी रास्ते के 170 वर्ग मीटर हिस्से की रजिस्ट्री 7 जुलाई 2026 को कर दी। पीड़ित का आरोप है कि यह उसके साथ ठगी करने जैसा है, क्योंकि रास्ता समाप्त होने से उसके खेत तक आने-जाने का एकमात्र मार्ग प्रभावित हो जाएगा।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि यदि रास्ता बंद हो गया तो खेत में खड़ी फसल, ट्रैक्टर सहित कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित होंगे और परिवार को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

पीड़ित प्रभुदयाल कुशवाहा ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए विवादित रजिस्ट्री निरस्त करने, रास्ता बहाल कराने और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
![]()


