हमीरपुर। जनपद में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल में देर रात बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे उसके नीचे सो रहे मजदूर दब गए। हादसे में आधा दर्जन मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की संभावना है।

बताया जा रहा है कि देर रात आई आंधी और बारिश के चलते मजदूर स्लैब के नीचे ही सो रहे थे। इसी दौरान अचानक पुल का स्लैब गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मौके पर SDRF की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। कई थानों की पुलिस फोर्स समेत प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।
यह पुल ललपुरा थाना क्षेत्र के मोराकांधर और कुरारा थाना क्षेत्र के कंडौर गांव के बीच सुगम यातायात के लिए बनाया जा रहा था। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। प्रशासन द्वारा अभी आधिकारिक रूप से मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।


