महोबा जिले में हूटर और बत्ती लगी एक संदिग्ध गाड़ी का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में “मजिस्ट्रेट” लिखी गाड़ी देर रात खेतों और सड़कों पर घूमती दिखाई दे रही है, जिसमें सवार कुछ युवक खुद को अधिकारी जैसा दिखाकर लोगों पर रौब झाड़ते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला महोबा कोतवाली क्षेत्र के बजरिया फोर लाइन इलाके का है, जहां देर रात हूटर बजाती और बत्ती जलाती एक संदिग्ध गाड़ी घूमती देखी गई। हैरानी की बात यह रही कि गाड़ी में मौजूद दो युवक बनियान में घूमते दिखाई दिए, जिससे पूरे मामले पर और भी सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गाड़ी में सवार लोग खुद को अधिकारी जैसा बताकर इधर-उधर घूम रहे थे। ग्रामीणों और राहगीरों में इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह फर्जी चेकिंग या अवैध वसूली का मामला तो नहीं।

इसी बीच एक जागरूक किसान ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आया है। मामले में एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने जांच कर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी तरीके से हूटर-बत्ती और प्रशासनिक पहचान का इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर हूटर-बत्ती और “मजिस्ट्रेट” लिखी गाड़ी लेकर घूम रहे ये लोग कौन हैं? क्या यह सिर्फ शौकिया रौब था या फिर इसके पीछे कोई बड़ा खेल छिपा है? फिलहाल वायरल वीडियो ने पूरे जिले में चर्चा और दहशत का माहौल बना दिया है।


