गाज़ियाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित जैन ज़री क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में रविवार सुबह करीब 7:30 बजे भीषण आग लग गई। फैक्टरी में धागा निर्माण का कार्य किया जाता है। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते आग ने फैक्टरी के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में धागे के साथ-साथ केमिकल का भी स्टोरेज किया गया था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से फैक्टरी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।


