महोबा। विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रांतीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का भव्य एवं गरिमामय समापन राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं संगठनात्मक समर्पण के वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में कानपुर प्रांत के 21 जिलों से आए 100 से अधिक शिक्षार्थियों ने सहभागिता कर शारीरिक, बौद्धिक, वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन सत्र का शुभारम्भ भगवान श्रीराम दरबार एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। वर्ग के दौरान शिक्षार्थियों को बजरंग दल के ध्येय वाक्य “सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार” के अनुरूप राष्ट्रजीवन के विविध आयामों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। योग, व्यायाम, नियुद्ध, शौर्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, संगठन कार्यपद्धति, सामाजिक समरसता, सेवा कार्य, सांस्कृतिक जागरण तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सह क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख राजेश ने कहा कि सात दिनों तक शिक्षार्थियों ने अनुशासन, तप, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति की साधना करते हुए स्वयं को समाज और राष्ट्र के लिए अधिक सक्षम बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार, सेवा कार्यों के प्रसार तथा समाज में जागरूकता एवं आत्मविश्वास का वातावरण निर्मित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, धर्म-जागरण, मातृशक्ति सम्मान तथा समाज के समक्ष उपस्थित चुनौतियों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। राष्ट्र एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देना समय की आवश्यकता है।
प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि बजरंग दल का प्रशिक्षण वर्ग केवल शारीरिक दक्षता का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रनिष्ठ, चरित्रवान, संस्कारित एवं कर्तव्यपरायण कार्यकर्ताओं के निर्माण का अभियान है। संगठन का उद्देश्य ऐसे युवाओं का निर्माण करना है जो सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, सुरक्षा के माध्यम से समाजहित के प्रति सजग रहें तथा संस्कारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों का संरक्षण एवं संवर्धन करें।
समापन अवसर पर शिक्षार्थियों ने सात दिनों में अर्जित प्रशिक्षण कौशल का आकर्षक एवं भव्य प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण वर्ग से लौट रहे युवाओं ने अपने-अपने जिलों में संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों, युवा जागरण एवं समाजहित के विविध कार्यों को गति देने का संकल्प भी व्यक्त किया।
समारोह में प्रांत संयोजक अजीत राज, सह संयोजक अमरनाथ एवं शुभम कौशिक, प्रांत बलोपासना प्रमुख विजय, प्रांत विद्यार्थी प्रमुख नरेश तोमर, विभाग मंत्री मयंक तिवारी, संगठन मंत्री विकास, जिलाध्यक्ष मनोज शिवहरे, जिला मंत्री धीरेंद्र, जिला संयोजक विपिन भदौरिया सहित विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


