क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क, युवाओं और सभी वर्गों में मजबूत पकड़ बनने का दावा
महोबा। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले की सदर विधानसभा सीट पर इस बार नए चेहरों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच कांग्रेस से जुड़े युवा नेता चौधरी सागर सिंह का नाम तेजी से चर्चा में उभर रहा है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो क्षेत्र में लगातार सक्रियता और जनसंपर्क के चलते सागर सिंह आगामी चुनाव में बड़ा चेहरा बन सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस संगठन भी इस बार युवा और सक्रिय चेहरे पर दांव लगाने की रणनीति तैयार कर रहा है। ऐसे में सदर विधानसभा सीट पर सागर सिंह की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि बीते कई महीनों से वह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क साध रहे हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि युवाओं के बीच सागर सिंह की अच्छी पकड़ बन रही है। इसके अलावा सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में उनकी मौजूदगी ने भी उनकी पहचान को मजबूत किया है। क्षेत्र के कई गांवों में उनके दौरे और आम लोगों से सीधा संवाद चर्चा का विषय बने हुए हैं।
जानकारों का कहना है कि 2027 के चुनाव में पुराने चेहरों की जगह कुछ दल नए और युवा उम्मीदवारों को मौका दे सकते हैं। ऐसे में महोबा सदर सीट पर समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी किसी भी दल द्वारा आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में सागर सिंह का नाम लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
फिलहाल सभी राजनीतिक दल संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने में जुटे हैं। आने वाले समय में टिकट की दौड़ और भी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।


