महोबा। करीब 30 घंटे तक बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने, थिनर-डीजल डालकर जलाने का प्रयास करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोपों के बीच न्याय न मिलने से परेशान मंडी कारोबारी ब्रजेश कुमार गुप्ता परिवार समेत पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) के पास पहुंचा। पीड़ित ने स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच, मुकदमा दर्ज कराने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

ब्रजेश गुप्ता के शिकायती प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को वह महोबा मंडी पहुंचा था। आरोप है कि उसे नगर के बड़े व्यापारी विनोद पुरवार की मील पर ले जाकर बंधक बना लिया गया, जहां उसके साथ करीब 30 घंटे तक मारपीट और प्रताड़ना की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे लाल मिर्च खिलाई गई और थिनर व डीजल डालकर जलाने का प्रयास किया गया। शिकायत में सचिन सक्सेना, राज सक्सेना, अरविंद किशोर सक्सेना उर्फ रवि सक्सेना, विनोद पुरवार और पुरुषोत्तम गुप्ता उर्फ पप्पू समेत कई लोगों के नाम दर्ज हैं।

20 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे ब्रजेश ने किसी तरह फोन से अपने बच्चों को सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की मदद ली गई। पीड़ित का दावा है कि पुलिस के पहुंचने के बाद उसे वहां से निकाला गया और परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।

पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, व्यापारी विनोद पुरवार ने उस पर पांच साल में पांच करोड़ रुपये की चोरी का आरोप लगाया है। ब्रजेश का कहना है कि उसके साथ कथित मारपीट के मामले में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, इसी कारण उसे उच्च पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी गुहार लगानी पड़ रही है

ब्रजेश ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि सीओ के समक्ष बयान देने के बाद से उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उसका दावा है कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित ने डीआईजी से मामले की निष्पक्ष जांच, शिकायत के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
![]()


