नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए महोबा को मिली बड़ी उपलब्धि!प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महोबा के जिलाधिकारी प्रभास कुमार को सम्मान प्रदान किया। यह उपलब्धि बुंदेलखंड के कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह सम्मान जिले में कृषि विकास की दिशा में किए गए प्रयासों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का प्रतीक है। योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने, सिंचाई सुविधाओं में सुधार तथा किसानों को कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने पर केंद्रित है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी, कृषि विभाग की पूरी टीम और जनपदवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सम्मान को जिले के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

महोबा को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से जिले में कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और किसानों के प्रयासों को नई पहचान मिली है। उम्मीद है कि इस उपलब्धि से जिले में फसल विविधीकरण, टिकाऊ खेती और कृषि विकास को आगे बढ़ाने के प्रयासों को और गति मिलेगी।
![]()


