महोबा। नवागत जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जमीनी स्थिति परखी। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी, औषधि वितरण कक्ष और पैथोलॉजी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों के उपचार, साफ-सफाई तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बातचीत कर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार को अस्पताल की खिड़कियों में जाली लगवाने के निर्देश भी दिए, ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()


