महोबा। लगातार बारिश के बीच शहर के जलभराव वाले इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। ASP वंदना सिंह, SDM शिव ध्यान पांडेय और EO अवधेश कुमार ने स्टेशन रोड, यशोदा नगर सहित जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात देखे और घरों में फंसे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

अधिकारियों ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और किसी को भी परेशान नहीं होने दिया जाएगा। जरूरतमंद लोगों के लिए खाना, पीने के पानी और दवाइयों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ज्यादा पैनिक नहीं होना है, संयम से काम लेना है। समस्या सामने आई है, अब प्रशासन का जोर उसके समाधान पर है। अधिकारियों के इस मानवीय रवैये से प्रभावित लोगों में भी राहत और भरोसा नजर आया।
बारिश के चलते कई स्थानों पर पानी बढ़ने के बाद लोगों की मदद के लिए जलभराव वाले क्षेत्र में नाव की व्यवस्था की गई है। प्रशासन और नगर निकाय की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

कीरत सागर के ओवरफ्लो के कारण स्टेशन रोड और यशोदा नगर के आसपास जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पानी की स्थिति, प्रभावित रास्तों और लोगों की परेशानियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को तत्काल राहत एवं जल निकासी के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सड़क पर नई पाइपलाइन टनल बनाने का काम भी शुरू करा दिया गया है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद टीम को जल निकासी की व्यवस्था जल्द से जल्द प्रभावी बनाने और काम में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत, बचाव, भोजन, पानी, दवा तथा आवागमन की व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
![]()


