महोबा। महोबा जनपद में भारतीय जनता पार्टी के चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। खरेला थाना क्षेत्र के पास उनकी स्कॉर्पियो में एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विधायक की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि विधायक और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

यह मामला उस समय और अधिक गंभीर हो गया जब विधायक के पिता एवं पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने इस घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए इसे अपने पुत्र की हत्या के प्रयास से जोड़ दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि लगभग दो माह पहले ही उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पत्र लिखकर विधायक ब्रजभूषण राजपूत की हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका व्यक्त की थी।
पूर्व सांसद ने अपनी पोस्ट में लिखा कि विधायक द्वारा जल जीवन मिशन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद से उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि उन्होंने पहले ही पार्टी नेतृत्व को इस संबंध में आगाह किया था, लेकिन अब सड़क हादसे के बाद उनकी आशंका और गहरा गई है।

हादसे के बाद गंगाचरण राजपूत ने एक और भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि “महादेव ने मेरे बेटे को बचा लिया, मारने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। आप सभी लोगों के आशीर्वाद से वह बच गया।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

वहीं, विधायक समर्थकों का कहना है कि यदि पूर्व सांसद पहले ही हत्या की आशंका जता चुके थे, तो इस दुर्घटना की सामान्य सड़क हादसे के रूप में नहीं बल्कि हर पहलू से निष्पक्ष और गहन जांच कराई जानी चाहिए। समर्थकों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी के साथ-साथ पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
दूसरी ओर, पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महोबा की राजनीति में इस घटना ने नई हलचल पैदा कर दी है। एक ओर विधायक की गाड़ी को अज्ञात ट्रक द्वारा टक्कर मारने की घटना है, तो दूसरी ओर पूर्व सांसद का हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप। ऐसे में अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना थी या इसके पीछे वास्तव में कोई सुनियोजित साजिश छिपी है।
![]()


