महोबा। जनपद में संभावित बाढ़ और अतिवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय करने, कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक चौकी पर कर्मचारियों, संबंधित थाना प्रभारी और गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही नावों की उपलब्धता, उनके मालिकों और संपर्क नंबरों की सूची तैयार रखने को कहा गया।

डीएम ने सिंचाई विभाग को उर्मिल, चंद्रावल, मझगांव, कबरई, लहचुरा और क्योंलारी बांधों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों पर बांधों से पानी छोड़े जाने का प्रभाव पड़ सकता है, वहां पहले से ही अलर्ट जारी कर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन बांधों और तालाबों में पूर्व में डूबने की घटनाएं हुई हैं, वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए लाइफ जैकेट, रस्सी, हेलमेट, टॉर्च और अन्य आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं, जिन क्षेत्रों में रपटे टूटने से संपर्क मार्ग बाधित होने की आशंका है, वहां राजस्व विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए सभी नालों और नालियों की समयबद्ध सफाई कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुंवर पंकज, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी, सभी उपजिलाधिकारी, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग तथा नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से जुड़े सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

![]()


