महोबा। जनपद महोबा में अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो होमगार्ड समेत 19 नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई खनिज विभाग के खान निरीक्षक की तहरीर पर की गई है। मामले के सामने आने के बाद अवैध खनन से जुड़े तथाकथित “लोकेशन गैंग” में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, कबरई थाना क्षेत्र स्थित खनिज बैरियरों के आसपास लंबे समय से रॉयल्टी चोरी का संगठित खेल संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि गैंग के सदस्य लग्जरी वाहनों में घूमकर बिना वैध रॉयल्टी के खनिज से लदे वाहनों को सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराते थे और विभागीय कार्रवाई से बचाने के लिए उन्हें पहले से सूचनाएं पहुंचाई जाती थीं।

मामले की जांच में यह भी सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड भी कथित रूप से इस नेटवर्क की मदद कर रहे थे। आरोप है कि उनकी भूमिका के चलते अवैध परिवहन करने वाले वाहनों को लाभ मिलता था, जिससे सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंच रहा था।

खनिज विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी से जुड़े माफियाओं में खलबली मच गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और राजस्व की चोरी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

![]()


